
देहरादून । जाने -माने नौकरशाह एवं कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला को वर्तमान दायित्व के साथ-साथ कुलपति पंतनगर विश्वविद्यालय का दायित्व भी दिया गया है। कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला कुछ महीनों पूर्व उत्तर प्रदेश से अवमुक्त होकर आए हैं। कई जनपदों में जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पदों पर रहकर अपने काम की छाप छोड़ने वाले श्री रौतेला आईएएस अधिकारियों में कर्मठ, प्रखर तथा तेज तर्रार अधिकारी माने जाते हैं जिनके कार्यों की हर जगह सराहना की जाती है। अब उन्हें मंडलायुक्त के साथ-साथ पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति का दायित्व भी सौंपा गया है। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य की ओर से उन्हें यह दायित्व दिया गया है। पंतनगर विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रोफेसर ए.के. मिश्र का कार्यकाल समाप्त हो गया है जिसके कारण श्री रौतेला को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगामी छह माह तक अथवा कुलपति के नियुक्त होने तक पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में दायित्व निभाएंगे। लोगों को अपेक्षा है कि मंडलायुक्त राजीव रौतेला के कार्यकाल में पंतनगर विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयां मिलेगी। श्री रौतेला पर्वतीय पृष्ठभूमि के जानकार तो हैं ही, अपनी ईमानदार तथा कर्मठ छवि के कारण उत्तराखंड के प्रति काफी संवेदनशील अधिकारी माने जाते हैं जिनके अनुभव का लाभ पंतनगर विश्वविद्यालय को मिलेगा।
