देहरादून : देहरादून पुलिस ने करीब एक साल पहले राजपुर क्षेत्र में हुई चर्चित हत्या की वारदात का पर्दाफाश करते हुए उसके मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा पर अपने ही सौतेले भाई की सुपारी देकर हत्या करवाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक प्रॉपर्टी विवाद के चलते इस सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश रची गई थी
अजय भटेजा हत्याकांड का हुआ खुलासा
26 मई 2025 को राजपुर थाना क्षेत्र के जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा की हत्या का मामला सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने पहले हत्या को अंजाम देने वाले उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने हुमेरा को भी गिरफ्तार कर लिया था।
मृतक के सौतेले भाई अमित भटेजा ने रची थी पूरी साजिश
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि हत्या की पूरी साजिश मृतक के सौतेले भाई अमित भटेजा ने रची थी। पुलिस के अनुसार अमित अपने भाई से प्रॉपर्टी में हिस्सा मांग रहा था, लेकिन उसे हिस्सा नहीं मिल रहा था। इसी रंजिश में उसने राजन उर्फ जैकी को सुपारी देकर हत्या कराने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक अमित ने आरोपी राजन को जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा देने और उसके खिलाफ चल रहे एक आपराधिक मामले में मदद का लालच दिया था। योजना के तहत 25 मई 2025 को राजन और हुमेरा ने अजय भटेजा के घर पहुंचकर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्याकांड के सभी आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना के बाद अमित भटेजा ने मौके से प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए थे। वहीं जब हत्या में शामिल दोनों आरोपी गिरफ्तार हुए और उसका नाम सामने आने लगा तो वह फरार हो गया। लगातार दबिश और निगरानी के बाद पुलिस ने 5 जून 2026 को उसे जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुछ संपत्ति और वाहनों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि लगभग एक साल पुराने इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को अब गिरफ्तार किया जा चुका है।




[…] Source link […]
Comments are closed.