चम्पावत जनपद के रायनगर चौड़ी क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि ग्राम सभा के आबादी क्षेत्र में घूमता गुलदार गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार रायनगर चौड़ी क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से गुलदार का आतंक बना हुआ है। लगातार बढ़ती गतिविधियों के चलते ग्रामीणों ने कई बार वन विभाग और एसडीओ कार्यालय से पिंजरा लगाने तथा ट्रैप कैमरे स्थापित करने की मांग उठाई, लेकिन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण गुलदार का खतरा अब गांव की आबादी तक पहुंच चुका है।

बीती रात गुलदार ने गांव में घुसकर एक बछड़े को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पशुपालकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व भी गुलदार एक पालतू गाय को अपना निवाला बना चुका है, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
वहीं ग्राम प्रधान जानकी राय और पूर्व ग्राम प्रधान जितेन्द्र राय ने बीती रात की घटना के बाद उप प्रभागीय वनाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में तत्काल ट्रैप कैमरे और पिंजरा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और वन विभाग को अब तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं उप प्रभागीय वनाधिकारी नेहा सौन ने बताया कि पिंजरा लगाने के संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता की जा रही है और जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज रात से ही वन कर्मियों द्वारा क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी जाएगी तथा ट्रैप कैमरे भी लगाए जाएंगे।
