नैनीताल : नैनीताल जिले में प्रशासन ने अवैध और नियमों के विपरीत संचालित होम स्टे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर एडीएम विवेक कुमार राय के नेतृत्व में विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों में सघन जांच की गई अभियान के दौरान कुल 238 होम स्टे का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में 123 होम स्टे मिले बंद
नैनीताल में होम स्टे के निरीक्षण के दौरान 238 होम स्टे में से 35 बिना पंजीकरण संचालित पाए गए। जबकि 123 होम स्टे बंद अथवा होटल की तर्ज पर नियमों के विपरीत संचालित मिले। प्रशासन ने पाया कि कई होम स्टे मालिक स्वयं मौके पर नहीं रहते और इकाइयों को किराए पर देकर होटल की तरह चलाया जा रहा है।
सबसे अधिक कार्रवाई नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र में हुई। प्रशासन ने मानकों का पालन न करने वाले संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


