देहरादून- नए साल 2019 के स्वागत का जश्न बेफिक्र होकर मनाइए, मगर मौज-मस्ती इस हद तक ही हो, कि उसे पुलिस हुड़दंग न मान ले। नहीं तो नया साल जेल में मनाना भी पड़ सकता है। हंगामा करने वालों, नशेडियों व असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने फुलप्रूफ प्लान तैयार किया हुआ है। नए साल के जश्न के दौरान हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। देहरादून क्षेत्र को चार जोन और 11 सेक्टर में बांट कर 47 स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाया गया है। क्षेत्राधिकारियों को जोन का, जबकि थाना प्रभारियों को सेक्टर का प्रभारी बनाया है।
एसएसपी ने चेकिंग प्वाइंट पर संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने, तेज गति व शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी नववर्ष की पूर्व संध्या पर अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण पर रहेंगे। एसएसपी ने बताया कि प्रेमनगर, नालापानी चौक, जाखन, कोल्हूखेत, रिस्पना पुल, घंटाघर, दिलाराम चौक, लालपुल समेत नौ स्थानों पर पुलिस बल, पीएसी, सीपीयू यूनिट के साथ एल्कोमीटर से चेकिंग करेगी। इसके साथ ही कई रूट भी डार्यवट किए गये है।
दून मे यह रहेगा ट्रैफिक प्लान
31 दिसंबर की रात शहर में पूरी तरह से मार्ग परिवर्तित नहीं रहेगा। हालांकि, यदि जरूरत हुई तो पुलिस ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर रूट प्लान जारी किया है। यातायात का दबाव बढ़ते ही इन स्थानों पर मार्ग परिवर्तित कर दिया जाएगा।
हरिद्वार, ऋषिकेश से मसूरी जाने के लिए मिंयावाला चौक, चार नंबर चक्की, लाडपुर, सहस्रधारा क्रासिंग, आइटी पार्क, काठ बंगला पुल, साईं मंदिर, ओल्ड राजपुर रोड, कुठाल गेट, मसूरी।
मसूरी से हरिद्वार, ऋषिकेश से आने के लिए कुठाल गेट, ओल्ड राजपुर रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुल, आइटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रासिंग, लाडपुर, पुलिया नंबर 6, जोगीवाला।
दिल्ली, हरियाणा व रुड़की से आइएसबीटी, विकासनगर, की ओर से मसूरी जाने व आने वाला यातायात बल्लूपुर चौक, कैंट, पोस्ट आफिस तिराहा, सीएसडी तिराहा, सर्किट हाऊस तिराहा, अनारवाला, जोहड़ी गांव, कुठाल गेट, मसूरी रूट से चलेगा।
