देहरादून- उत्तराखंड को जैविक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय अवार्ड मिला है। यह अवार्ड कर्नाटक की ओर से दिल्ली में आयोजित जैविक कृषि अवार्ड कार्यक्रम में उत्तराखंड को मिला है। वर्तमान में प्रदेश के तीन लाख किसान 1.5 लाख हेक्टेयर भूमि पर जैविक खेती कर रहे हैं। केंद्र सरकार परंपरागत कृषि विकास योजना व राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत प्रदेश में जैविक खेती करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जैविक खेती के लिए केंद्र ने 1500 करोड़ रुपये की योजना भी स्वीकृत की है। जिसमें 10 हजार आर्गेनिक क्लस्टर बनाने की दिशा में काम चल रहा है। प्रदेश में हो रही जैविक खेती व इस क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को देखते हुए कर्नाटक सरकार व इंटरनेशनल कंपीटनेंस सेंटर फॉर आर्गेनिक एग्रीकल्चर(आईसीसीओए) की ओर से उत्तराखंड को दूसरी बार राष्ट्रीय अवार्ड दिया गया है। दिल्ली में आयोजित जैविक कृषि अवार्ड कार्यक्रम में कर्नाटक के कृषि मंत्री ने प्रदेश को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया। उत्तराखंड जैविक विकास परिषद के प्रबंध निदेशक विनय कुमार ने यह अवार्ड प्राप्त किया।
