देहरादून- उत्तराखंड़ में बेटियों का भविष्य सवारने के लिए उत्तराखंड़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, बेटी को जन्म से विवाह तक आर्थिक मदद देने वाली नंदा गौरा कन्या धन योजना में सरकार अब गांव और शहर का एक ही मानक करने जा रही है। जी हां सरकार ने 96 हजार सालाना आय पर इस योजना का लाभ देने की तैयारी कर ली है। अभी सालाना आय का मानक कम होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आपको बता दे कि विधानसभा के मानसून सत्र में कई सदस्यों ने इस मामले को उठाया था। जिस पर सरकार ने कार्रवाई का भरोसा दिया था। अब सरकार ने सालाना आय के दायरे को बढ़ाने के साथ ही योजना के स्वरूप में भी बदलाव की तैयारी कर ली है। इस योजना के तहत बालिका के जन्म, उसकी एक वर्ष की आयु पूरी होने, नवीं, 11 वीं कक्षा में प्रवेश, डिप्लोमा व स्नातक कक्षा में प्रवेश पर पांच-पांच हजार, डिप्लोमा-स्नातक की पढ़ाई पूरी होने पर 10 हजार और विवाह पर 16 हजार रुपये दिए जाते हैं। बताते चले कि एक जुलाई 2017 से पहले नंदा देवी कन्या धन योजना और गौरा देवी कन्या योजना नाम से दो अलग योजनाएं थीं। इसे अब नंदा गौरा कन्या जन धन योजना कर दिया गया है। महिला बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्य ने बताया कि गांव और शहर में सालाना आय का एक मानक 96 हजार रुपये रखने पर सहमति बनी है। इसका प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा।
