देहरादून- मौसम विभाग ने आज एक बार फिर मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। अगले 24 घंटे पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की संभावना है। विभाग द्वारा जारी इस पत्र में समस्त जिलाधिकारियों से कहा गया है कि वह प्रत्येक स्तर पर तत्परता बनाए रखते हुए सावधानी, सुरक्षा एवं आवागमन में नियंत्रण रखें। आपदा की स्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर तुरंत सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाए। भारतीय मौसम विज्ञान प्रणाली के नामित समस्त अधिकारी हाई अलर्ट पर रहें और मोबाइल तथा वायरलैस अपडेट रखें। पत्र में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना एडीबी, सीमा सुरक्षा सड़क संगठन तथा मार्गों से संबंधित सभी विभाग मोटरमार्गों के बाधित होने पर तुरंत खुलवाना सुनिश्चित करें।
इसी प्रकार अन्य अधिकारियों को भी निर्देश हैं कि वह अपने कार्य क्षेत्रों में उपस्थित रहे ताकि किसी भी समस्या से तुरंत निपटा जा सके। प्रमुख नदियों तथा नदी क्षेत्रों के समीपस्थ लोगों की सुरक्षा पर ध्यान रखने कहा गया है। मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 2 अक्टूबर तक आंशिक रूप से बादल रहेंगे और मुख्यतरू मौसम शुष्क रहेगा।
