देहरादून- पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक सप्ताह तक बैंक बंद रहने का मैसेज वायरल हो रहा है। लोग इसकी सच्चाई जाने बगैर शेयर कर रहे हैं, जिससे लोगों में भ्रांतियां फैल रही हैं। पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक एसके सिन्हा ने इसे अफवाह करार दिया है। उन्होंने कहा कि तीन सितंबर को जन्माष्ठमी की सरकारी छुट्टी है, इसके बाद चार से सात सितंबर तक बैंक लगातार खुले रहेंगे। उन्होंने बताया कि आठ सितंबर को दूसरा शनिवार और नौ सितंबर को रविवार होने से बैंकों में अवकाश रहेगा। इसके अलावा अन्य किसी भी दिन बैंक बंद नहीं रहेगा। दरअसल चार व पांच सितंबर को रिजर्व बैंक में अंदरुनी हड़ताल है, लेकिन इसका असर किसी भी सरकारी बैंक पर नहीं पड़ेगा। बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।
