तिब्बती मार्केट हत्याकांड: देहरादून पुलिस का बड़ा एक्शन, शूटर और सहयोगी मुठभेड़ में गिरफ्तार

देहरादून: बुधवार सुबह तिब्बती मार्केट में हुए हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ देहरादून पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. तिब्बती मार्केट के सामने हुए सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल शूटर और उसके एक सहयोगी को पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ों के दौरान गिरफ्तार कर लिया. दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है और उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

तिब्बती मार्केट हत्याकांड के दोनों आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार 

हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर से लेकर देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी अभियान के तहत तड़के सुबह पुलिस को ये बड़ी सफलता मिली.

रायपुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़

नाकेबंदी और सघन चेकिंग के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में एक बदमाश द्वारा पुलिस पर फायरिंग की गई. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी. घायल बदमाश को मौके पर ही गिरफ्तार कर तत्काल कोरोनेशन चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया.

लालतप्पड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में दूसरी मुठभेड़

दूसरी घटना लालतप्पड़ पुलिस चौकी क्षेत्र की है, जहां चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस के रोकने पर रुकने के बजाय पीछे मुड़कर भागने की कोशिश की. बदमाश खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और वहां से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

एसएसपी ने ली घटना की जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया. एसएसपी देहरादून स्वयं कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली. दोनों घायल बदमाशों का उपचार पुलिस निगरानी में जारी है.

आरोपियों ने कबूला जुर्म 

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है. प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है. पुलिस द्वारा उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here