देहरादून : जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशों पर दून पुलिस द्वारा पूरे जिले में बड़े स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत देर रात से लेकर सुबह तड़के तक पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी और आने-जाने वाले वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की।
पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को सक्रिय किया गया। अलग-अलग टीमों द्वारा जिले के प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील स्थानों, अंतरराज्यीय सीमाओं तथा मुख्य मार्गों पर चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई, वहीं देर रत संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और सत्यापन संबंधी जानकारी प्राप्त की गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर चेकिंग व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए , अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए।
बॉर्डर क्षेत्रों में तैनात पुलिस कर्मियों ने बाहरी राज्यों और जिलों से आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की, इसके अलावा जनपद के आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर निगरानी रखी गई साथ ही दून पुलिस द्वारा विशेष रूप से अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं पर चौकसी बढ़ाई गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाया गया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, साथ ही कहा कि आमजन की सुरक्षा दून पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक क़ानूनी कार्रवाई की जा सके। दून पुलिस का यह सघन चेकिंग अभियान अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए स्पष्ट संदेश है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।