लोहाघाट : मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के आदेशानुसार फायर स्टेशन लोहाघाट में पैरा लीगल वॉलिंटियरों के लिए विशेष अग्निसुरक्षा एवं रेस्क्यू ऑपरेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वॉलिंटियरों को आगजनी, वनाग्नि और अन्य आपदा संबंधी घटनाओं के दौरान प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना था, ताकि आपदा के समय में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी जगदीश सिंह तिलाड़ा के निर्देशन में प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन किया गया, इस दौरान फायर कर्मी राजेश खर्कवाल, भरत सिंह, पारस वर्मा, प्रियंका बिष्ट और कमल राणा ने प्रतिभागियों को अग्निशमन और रेस्क्यू कार्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई । प्रशिक्षकों ने वनाग्नि, अग्निकांड और अन्य आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, बचाव तकनीकों और राहत कार्यों की प्रक्रियाओं की बारीकियों को विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम में वॉलिंटियरों को अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, साथ ही आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, प्राथमिक उपचार देने तथा प्रशासन के साथ सम्पर्क बनाकर राहत कार्यों को सफल बनाने के तरीकों पर भी विस्तार से बताया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि वनाग्नि और आग लगने की घटनाओं में शुरुआती सतर्कता, समय पर सूचना और सही कार्रवाई से बड़े नुकसान को रोका जा सकता है। उन्होंने पैरा लीगल वॉलिंटियरों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को अग्निसुरक्षा और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाएं।
प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को बेहद उपयोगी बताया, उनका कहना था कि इस प्रशिक्षण से उन्हें आपदा एवं अग्निकांड जैसी परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा, साथ ही वे अपने समाज में जागरूकता फैलाकर लोगों को सुरक्षित रहने के प्रति प्रेरित कर कर सकते है। दमकल विभाग द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल स्वयंसेवकों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।