HomeTrendingमशहूर शूटर जसपाल राणा का निधन, सीएम धामी और खेल मंत्री रेखा...

मशहूर शूटर जसपाल राणा का निधन, सीएम धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने जताया शोक

देहरादून : देवभूमि उत्तराखंड के सपूत, पद्मश्री से अलंकृत, भारतीय निशानेबाजी जगत के गौरव जसपाल राणा का निधन हो गया है। उन्होंने 49 साल की उम्र में दिल्ली के मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। सीएम धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने उनके आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मशहूर शूटर जसपाल राणा का निधन

एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और दिग्गज शूटिंग कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि जर्मनी से लौटते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से भारतीय खेल जगत में शोक की लहर है।

सीएम धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने जताया शोक

सीएम धामी ने जसपाल राणा के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि “देवभूमि उत्तराखंड के सपूत, पद्मश्री से अलंकृत, भारतीय निशानेबाजी जगत के गौरव श्री जसपाल राणा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।  निशानेबाजी के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान, ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं युवा खिलाड़ियों को दी गई प्रेरणा ने भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका निधन खेल जगत, उत्तराखंड तथा पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।  ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों एवं असंख्य प्रशंसकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

जसपाल राणा का मार्गदर्शन इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में रहेगा दर्ज

खेल मंत्री रेखा आर्या ने शोक संदेश जारी कर कहा है कि “देवभूमि की माटी के लाल, महान निशानेबाज और द्रोणाचार्य अवॉर्डी जसपाल राणा जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाला है। यह संपूर्ण खेल जगत और हमारे उत्तराखंड के लिए एक ऐसा शून्य है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकेगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पटल पर तिरंगा लहराकर देश का मान बढ़ाया और कोच के रूप में मनु भाकर जैसी अद्भुत खेल प्रतिभाओं को तराशा। उनका मार्गदर्शन इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। बाबा केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments