
उधम सिंह नगर जनपद के नानकमत्ता थाने में पुलिस ने खटीमा ब्लाक प्रमुख व एक अन्य राइस मिलर पर लॉक डाउन के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नानकमत्ता पुलिस को सूचना मिल रही थी नानकमत्ता क्षेत्र में चल रही राइस मिलो में यूपी से बिना सरकारी अनुमति चोरी छुपे मजदूर लाए जा रहे हैं। जिस पर पुलिस ने शांति राइस मिल और शिव शक्ति राइस मिल पर छापेमारी की। जहां शांति राइस मिल में यूपी के 2 मजदूर व दूसरी शिव शक्ति राइस मिल में यूपी के 4 मजदूर पकड़े गए। पुलिस ने दोनों राइस मिलों पर लॉक डाउन के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। शांति राइस मिल के स्वामी सरदार रंजीत सिंह नामधारी खटीमा के ब्लाक प्रमुख भी हैं। वहीं पुलिस ने पकड़े गए मजदूरों का पुलिस एक्ट में चालान कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जो भी व्यक्ति लॉक डाउन का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।