
देहरादून। विधायक एवं वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत यूं तो महिलाओं को लेकर चर्चा में रहते हैं। एक बार फिर उन्हें महिलाओं ने घेर कर चर्चा में ला दिया। यह स्थिति शराब की दुकान को लेकर है। कोटद्वार में महिलाओं ने शराब की दुकान का विरोध किया तो उसे खूनीबड़ में खोल दिया गया, जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने लगा है। डॉ. हरक सिंह रावत के जनता दरबार में पहुंची महिलाओं ने शराब की दुकान को लेकर खूब हंगामा किया तथा उसे हटाने की मांग की।
काशीरामपुर तल्ला स्थित प्रदेश के वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के जनता दरबार में खूनीबड़ की महिलाओं ने शराब की दुकान को शिफ्ट करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि यहां शराब की दुकान खुलने से स्कूली बच्चों और अन्य लोगों पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। शराब की दुकान खुलने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। जिस कारण महिलाओं का बाहर निकलना, सड़क पर चलना दूभर हो गया है।
महिलाओं ने डॉ. हरक सिंह रावत से शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की। जिस पर काबीना मंत्री ने महिलाओं को सांय को उपजिलाधिकारी, आबकारी अधिकारी को शराब की दुकान का निरीक्षण करने के निर्देश दिये, लेकिन महिलायें शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिखित आश्वासन की मांग पर अड़ी रही।


