हरिद्वार : चारधाम यात्रा जल्द ही शुरू होने जा रही है। जिसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो जाएगा। हरिद्वार में भी चारधाम यात्रा को सुगम बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।
चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए तैयारियां तेज
चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए हरिद्वार में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ऋषिकुल मैदान में बनाए जा रहे यात्री पंजीकरण केंद्र का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पंजीकरण केंद्र का लिया जायजा
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान ने ऋषिकुल मैदान पहुंचकर चार धाम यात्रा के लिए बनाए जा रहे यात्री पंजीकरण केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी की जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि चार धाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में पंजीकरण केंद्र की व्यवस्थाएं मजबूत और व्यवस्थित होना बेहद जरूरी है ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



