हरिद्वार : हरिद्वार में अवैध गृह प्रसव पर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने गृह प्रसव कराने वाली दाइयों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ऐसी 18 दाईयों के खिलाफ तहरीर दर्ज कराई गई है।
हरिद्वार में अवैध गृह प्रसव पर कार्रवाई
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गृह प्रसव कराने वाली दाइयों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर के सिंह के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर ने बहादराबाद कोतवाली में 18 दाइयों के खिलाफ तहरीर दर्ज कराई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में किए गए निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। जांच में पाया गया कि कई स्थानों पर बिना किसी वैध अनुमति और चिकित्सकीय सुविधाओं के अभाव में प्रसव कराए जा रहे थे, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
पुलिस ने 18 दाईयों पर कसा शिकंजा
बहादराबाद चिकित्सा अधीक्षक आरती बहल ने बताया कि विभाग को लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद विशेष अभियान चलाकर ऐसे मामलों की पहचान की गई। टीम ने संबंधित दाइयों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि बिना अनुमति इस तरह की गतिविधियां पूरी तरह अवैध हैं और आगे भी इस तरह के मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि सुरक्षित प्रसव के लिए केवल सरकारी या मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य केंद्रों का ही सहारा लें।