देहरादून- उत्तराखंड मे भी अब लोग जल्द ही हवाई सफर का आनंद ले सकेंगे। जी हां, नैनीसैनी हवाई पट्टी हवाई सेवा के लिए पूरी तरह से तैयार कर ली गई है। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देहरादून में हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगें। बताया जा रहा है कि 3 अक्टूबर को यहां जहाज की ट्रायल लैंडिंग कराई जायेगी। गौरतलब है कि क्षेत्रीय संपर्क अभियान के तहत उत्तराखंड के कई हवाई अड्डों से उड़ान शुरू होने की बात की जा रही थी। इसी कड़ी में अब पिथौरागढ़ के नैनीसैनी हवाई अड्डे को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। टर्मिनल भवन में एयरलाइन बुकिंग काउंटर स्थापित कर दिया गया है। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री यहां से उड़ान सेवा की विधिवत शुरुआत करेंगे।
आपको बता दें कि भारतीय नागरिक उड्डयन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी की ओर से उड़ान के लिए हरी झंडी मिल चुकी है लेकिन उड्डयन विभाग से हेरिटेज एविएशन को शेड्यूल कम्यूटर ऑपरेशन लाईसेंस मिलना बाकी है। लाईसेंस जारी होते ही यहां से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। बता दें कि हेरिटेज एविएशन को ही हवाई सेवा की जिम्मेदारी दी गई है।