उत्तराखंड में देहरादून समेत कई इलाकों में भारी बारिश का क्रम बना हुआ है। पौड़ी और रुद्रप्रयाग जिले की सीमा पर बादल फटने के कारण भारी मात्रा में मलबा आने से एक तेल टैंकर अलकनंदा में समा गया। जिसका चालक और सहायक लापता हैं। इसके अलावा कई अन्य वाहन भी मलबे में दब गए, जिनमें सवार व्यक्तियों ने भागकर जान बचाई। इधर, देहरादून में भी भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए। बंजारावाला क्षेत्र में रिस्पना नदी के उफान में एक कार बह गई। जिसमें सवार एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य को बचा लिया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है।
