Friday, March 6, 2026
Home Uncategorized पौड़ी गढ़वाल वन्यजीव हमलों से लोगों में दशहत, आक्रोशित लोगों ने...

पौड़ी गढ़वाल वन्यजीव हमलों से लोगों में दशहत, आक्रोशित लोगों ने किया कोटद्वार-श्रीनगर हाईवे जाम

पौड़ी: उत्तराखंड के लगभग सभी पहाड़ी जिले पिछले कुछ समय से जंगली जानवरों के हमलों आतंक झेल रहे हैं। पौड़ी गढ़वाल में लगातार बढ़ रहे वन्य जीव हमलों के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। खिर्सू विकासखंड में घर के पास घात लगाए गुलदार ने एक महिला को मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने श्रीनगर–कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर विरोध जताया

महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में श्रीनगर कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर इकट्ठा हो गए। विभागीय लापरवाही के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए लोग सड़कों पर बैठे रहे।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें थीं कि-

  • हमला करने वाले गुलदार को तुरंत शूट किया जाए।
  • मृतक परिवार को उचित और त्वरित मुआवजा दिया जाए।
  • क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए।
  • गांव के आसपास ट्रैप कैमरे, पिंजरे और निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए।

विरोध इतना तीव्र था कि करीब दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। बड़ी संख्या में वाहन दोनों ओर फंसे रहे। जिससे यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों से बात कर मामले को शांत करके अवरुद्ध मार्ग को खोला गया

उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। सीडीओ ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की सभी मांगें उच्च अधिकारियों के समक्ष राखी जाएंगी। क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। घटना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ के आश्वासन मिलने के बाद कहीं जाकर ग्रामीण शांत हुए। जिसके बाद सड़क को यातायात के लिए वापस खोला गया।

पीड़ित परिवार को मुआवजे की अग्रिम राशि भेजी जा चुकी है

डीएफओ पौड़ी अभिमन्यु सिंह ने बताया महिला की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची। मृतक महिला के परिवार को 1 लाख 80 हजार रुपये की अग्रिम मुआवजा राशि जारी की जा चुकी है। गांव के आस-पास ट्रैप कैमरे और पिंजरा लगाया गया है। गुलदार की मूवमेंट मिलते ही शूटर को मोके पर तैनात किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2