लक्सर : हरिद्वार के लक्सर मे प्रशासन ने मिलावटी और बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्सर के खरंजा कुतुबपुर क्षेत्र में चल रही दो अवैध मावा निर्माण इकाइयों पर छापा मारा।
लक्सर में खाद्य माफियाओं पर बड़ा एक्शन
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग, तहसील प्रशासन और लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कुरबान पुत्र छब्बर और इलियास पुत्र असरफ बिना वैध फूड लाइसेंस के मावा निर्माण और दूध विक्रय करते मिले।
दो अवैध मावा फैक्ट्रियां सील
जांच में आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद करने का नोटिस जारी कर सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी। टीम ने मावा निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे दूध के तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
बिना लाइसेंस खाद्य निर्माण इकाई संचालित करने और अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत न करने के आरोप में दोनों संचालकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।