देहरादून : उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है और भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने वाली है। मौसम विज्ञान विभाग ने 28 अप्रैल को प्रदेश के छह जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में एक बार फिर बदलने वाला है मौसम
मंगलवार को नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में ओलावृष्टि और तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना जताई है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ ही प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
29 अप्रैल को इन जिलों में होगी बारिश
वहीं बात करें 29 अप्रैल के मौसम की तो इस दिन भी प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 29 अप्रैल को नैनीताल, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 28 से 30 अप्रैल तक अन्य जिलों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज बारिश और झोंकेदार हवा चलने की संभावना है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आठ जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने नैनीताल, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारियों को पत्र भेज सावधानियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के नामित सभी अधिकारी व विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे।
