HomeUncategorizedबड़ी खबर : UTU पेपर लीक मामले के आरोपी को पुलिस ने...

बड़ी खबर : UTU पेपर लीक मामले के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले छात्रों तक व्हाट्सएप ग्रुप और विश्वविद्यालय के आंतरिक पोर्टल के माध्यम से प्रश्नपत्र से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल पहुंचाए।

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि सम-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय को एक गुमनाम ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि एक इंजीनियरिंग कॉलेज के सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के बीच प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल साझा किए हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय ने आंतरिक जांच कराई। जांच में सामने आया कि छात्रों को पहले से उपलब्ध कराए गए कई सवाल परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से काफी हद तक मेल खाते थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान मिले दस्तावेजी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य तकनीकी प्रमाणों के आधार पर आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि प्रश्नपत्र से जुड़ी जानकारी किस माध्यम से साझा की गई और क्या इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भी भूमिका रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular