टिहरी गढ़वाल : टिहरी जिले की घनसाली तहसील के घुत्तू क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश से भारी तबाही मचाई है। मुख्य बाजार घुत्तू में हुए भीषण लैंडस्लाइड के कारण कई आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं, जबकि एक वाहन मलबे में दब गया।
टिहरी बाजार में घुत्तू मुख्य बाजार के पास भारी भूस्खलन होने के कारण भारी नुकसान हुआ है। राहत की बात ये रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग लगातार बारिश के बीच सतर्कता बरत रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है। मलबा हटाने और संभावित खतरे को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।