हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था के अनोखे रंग देखने को मिल रहे हैं। मुजफ्फरनगर से पहुंचे एक शिवभक्त ने महादेव की कृपा से अपने बच्चे के स्वस्थ होने पर अनूठा संकल्प पूरा किया। पिता ने कांवड़ के एक ओर अपने बच्चे को बैठाया, तो दूसरी ओर बच्चे के वजन के बराबर गंगाजल रखकर कंधे पर उठाया और भोलेनाथ का जयघोष करते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।

शिवभक्त पिता का कहना है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती। महादेव की कृपा से जब उनका बच्चा स्वस्थ हुआ, तो उन्होंने उसके वजन के बराबर गंगाजल चढ़ाने का संकल्प लिया था। आज उसी आस्था और विश्वास के साथ वे यह कठिन कांवड़ यात्रा पूरी कर रहे हैं। हरिद्वार की कांवड़ यात्रा में यह दृश्य श्रद्धा, विश्वास और भगवान शिव के प्रति अटूट समर्पण की मिसाल बन गया।