रुड़की : रूड़की के खानपुर रेंज क्षेत्र से वन संपदा पर हमला करने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मुजाहिदपुर गांव के एक खेत में बेशकीमती सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई से हड़कंप मच गया।
सागौन पर चला वन माफियाओं का आरा
आरोप है कि कथित ठेकेदारों ने सागौन के करीब सात हरे-भरे पेड़ों को जड़ से काट डाला, जिसकी भनक लगते ही खानपुर रेंज वन विभाग की टीम देर रात मौके पर पहुंच गई। वन विभाग ने कटे हुए सागौन के पेड़ों को अपने कब्जे में लेकर पूरी रात मौके पर निगरानी की और साक्ष्य जुटाने में जुटी रही। सामने आई तस्वीरों में वन कर्मी कटे हुए पेड़ों की सुरक्षा करते दिखाई दिए।
खानपुर रेंज में अवैध कटान से हड़कंप
बताया जा रहा है कि वन विभाग की कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद कथित ठेकेदार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और खेत मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।
मौके पर वन विभाग की टीम में दरोगा राजेश कुमार पुंडीर, नरेंद्र कुमार, बीट इंचार्ज सचिन सैनी और वन आरक्षी मनवर बिष्ट सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं खानपुर रेंज के रेंजर प्रियांशु पांडे का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
