Homeराज्यउत्तराखण्डपिथौरागढ़ : 5 वर्षीय मासूम के अपहरण और दुष्कर्म का 48 घंटे...

पिथौरागढ़ : 5 वर्षीय मासूम के अपहरण और दुष्कर्म का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार….

पिथौरागढ़ पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर 5 वर्षीय मासूम के अपहरण एवं दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची को गुम होने के मात्र 8 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया, जबकि मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।
23 जून को कोतवाली पिथौरागढ़ में एक व्यक्ति ने अपनी 5 वर्षीय पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर चार विशेष टीमें गठित कीं। प्रारंभिक जांच में 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने बच्ची को टनकपुर तिराहे के पास से बरामद कर लिया।
मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं तथा पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमे में नई धाराएं जोड़ीं। इसके बाद 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर आरोपी की पहचान होशियार सिंह (35), निवासी रई धनौड़ा, पिथौरागढ़ के रूप में की गई। पुलिस ने 25-26 जून की मध्यरात्रि पुनेड़ी महर रोड स्थित एक मोड़ से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2022 में भी एक नाबालिग के अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार हो चुका था। उसे उस प्रकरण में सजा भी हो चुकी थी और वह 14 मई 2026 को हरिद्वार जेल से निजी बंधपत्र पर रिहा होकर बाहर आया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) एवं पोक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास अथवा मृत्यु दंड तक का प्रावधान है। पुलिस ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।
इस पूरे अभियान में कोतवाली पिथौरागढ़ की पुलिस टीम ने दिन-रात मेहनत की। विशेष रूप से उपनिरीक्षक कमलेश चन्द्र जोशी ने आरोपी की गिरफ्तारी का नेतृत्व किया, जबकि हेड कांस्टेबल मुकेश शर्मा और कांस्टेबल पंकज गिरी ने बच्ची की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ ने पूरी टीम को ₹5 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular