Homeराज्यउत्तराखण्ड107 करोड़ से संवरेगा टनकपुर का शारदा घाट, डीएम मनीष कुमार ने...

107 करोड़ से संवरेगा टनकपुर का शारदा घाट, डीएम मनीष कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण

चम्पावत :  चम्पावत जिले के टनकपुर में शारदा घाट की तस्वीर बदलने की तैयारी तेज हो गई है। 107 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की धीमी गति को लेकर उन्होंने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को जरूरी निर्देश देते हुए अतिरिक्त मशीनरी लगाकर काम में तेजी लाने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने की हिदायत दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार टनकपुर पहुंचे और निर्माणाधीन शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज से अब तक हुई प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।
डीएम ने कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मशीनरी और संसाधन लगाए जाएं, ताकि काम निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जा सके। साथ ही निर्माण के प्रत्येक चरण में तय मानकों का पालन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

दरअसल, शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के प्रथम चरण पर 107 करोड़ 35 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड यानी यूआईआईडीबी की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण पीआईयू-3, यूपी डीसीसी लिमिटेड देहरादून के माध्यम से कराया जा रहा है। आदर्श चम्पावत की परिकल्पना के तहत विकसित होने वाला शारदा रिवर फ्रंट टनकपुर के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने के साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अब देखना होगा कि अधिकारियों के निर्देशों के बाद निर्माण कार्य कितनी तेजी से आगे बढ़ता है और परियोजना निर्धारित समय पर धरातल पर उतर पाती है या नहीं।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES
spot_img

Most Popular