रूड़की : देवभूमि उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा का शुभारंभ होते ही हरिद्वार जनपद पूरी तरह शिवमय हो चुका है। लाखों शिवभक्तों के स्वागत और उनकी सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन के साथ-साथ जिला पंचायत ने भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
कांवड़ यात्रा को लेकर जिला पंचायत तैयार
जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह उर्फ किरण चौधरी ने दावा किया कि इस बार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरने वाले सभी कांवड़ मार्गों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और नियमित दवा छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
श्रद्धालुओं की सेवा में नहीं रहेगी कोई कमी
महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नहर किनारे 30 से अधिक विशेष येलो टॉयलेट भी स्थापित किए गए हैं, जबकि करीब 100 शौचालयों का निर्माण और मरम्मत कर उन्हें उपयोग के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कूड़ा निस्तारण के लिए खास व्यवस्था
कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था के लिए विशेष डंपिंग वाहन तैनात किए गए हैं और यह व्यवस्था आगामी कुंभ मेले तक लगातार जारी रहेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि इस बार की कांवड़ यात्रा बेहतर व्यवस्थाओं, स्वच्छ वातावरण और समर्पित सेवाभाव के कारण श्रद्धालुओं के लिए यादगार साबित होगी।