Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में AI को मिलेगा नया आयाम, राज्यपाल ने शुरू किया ऑपरेशन...

उत्तराखंड में AI को मिलेगा नया आयाम, राज्यपाल ने शुरू किया ऑपरेशन साथी

देहरादून : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को लोक भवन में ऑपरेशन साथी, आरोही इनक्यूबेटर और आई न्यूज़लेटर का शुभारम्भ किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर परिसर में लगी स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ये तीनों पहलें उत्तराखण्ड में ज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और जन-भागीदारी आधारित विकास के नए युग की शुरुआत हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कम्प्यूटिंग, साइबर टेक्नोलॉजी और उभरती प्रौद्योगिकियों की सदी है तथा उत्तराखण्ड को इस परिवर्तन का नेतृत्व करने के लिए अभी से तैयार होना होगा।

राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन ने एआई थीम रूम और एआई ऑन व्हील्स जैसी पहलों के माध्यम से राज्य में एआई के प्रति जागरूकता और विश्वास का वातावरण तैयार किया है। अब ऑपरेशन साथी, आरोही इनक्यूबेटर और एआई न्यूज़लेटर उसी अभियान का अगला चरण हैं।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओ में अपार प्रतिभा और मौलिक ज्ञान मौजूद है। आवश्यकता इन प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें तकनीक, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ने की है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन साथी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचकर स्थानीय समस्याओं के समाधान खोजने वाले युवाओं को आगे लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विचार को विकसित होने के लिए उचित वातावरण की आवश्यकता होती है और आरोही इनक्यूबेटर युवाओं के नवाचारों को स्टार्टअप में बदलने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, विशेषज्ञ सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराएगा। उन्होंने स्टार्टअप प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एप्लीकेशन विकसित कर स्थानीय चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि ऑपरेशन साथी, आरोही इनक्यूबेटर और एआई न्यूज़लेटर उत्तराखण्ड में नवाचार, स्टार्टअप, अनुसंधान और जन-भागीदारी का सशक्त इकोसिस्टम तैयार करेंगे तथा राज्य को रिस्पॉन्सिबल एआई और इनोवेशन आधारित विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular