रुद्रपुर– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कुछ ही देर में ऊधमसिंहनगर जिले के अंतर्गत रुद्रपुर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि पीएम करीब एक घंटा यहां रहेंगे। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद उत्तराखंड में प्रधानमंत्री की यह पहली रैली होगी। पिछली बार बीती 14 फरवरी को उत्तराखंड दौरे पर आए मोदी तब रुद्रपुर में आयोजित रैली में नहीं पहुंच पाए थे। हालांकि, मोबाइल से संबोधित कर उन्होंने जल्द रुद्रपुर आने का वायदा किया था।
ये है पीएम का आज का कार्यक्रम
प्रशासनिक सूचना के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:10 बजे मेरठ से रुद्रपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 01:30 बजे कार्यक्रम स्थल को प्रस्थान करेंगे। 2 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला कार्यक्रम स्थल से 31वीं वाहिनी पीएसी में बने हेलीपैड की ओर दोपहर 2:45 बजे प्रस्थान करेंगे। हेलीपैड से 3 बजे प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर बरेली के लिए उड़ान भरेगा।