देहरादून- उत्तराखंड में निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। पहले चरण में प्रदेश की पांचों सीटों पर 11 अप्रैल को चुनाव होंगे। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार प्रदेश में चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गईं। प्रदेश की पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, अल्मोड़ा और नैनीताल लोकसभा सीट के लिए 11 अप्रैल को मतदान होगा। आयोग की अधिसूचना के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी और शाम पांच बजे तक चलेगी। पांचों सीटों के लिए कुल 11 हजार 235 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सोमवार से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। 25 मार्च नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम दिन निर्धारित है। 26 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 मार्च को नामांकन पत्र जमा करने वाले उम्मीदवार नाम वापसी ले सकते हैं। मतगणना 23 मई को की जाएगी।