देहरादून- देहरादून निवासी मेजर चित्रेश सिंह कश्मीर के राजौरी में आईईडी धमाके में शहीद हो गए। धमाका उस वक्त हुआ जब वे आईईडी को डिफ्यूज कर रहे थे। मेजर चित्रेश भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून से वर्ष 2010 में पासआउट हुए थे।वर्तमान में वह सेना की इंजीनियरिंग कोर में थे। वे उत्तराखंड पुलिस के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर एसएस बिष्ट के बेटे थे। उनकी शहादत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। गमगीन परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है। मेजर चित्रेश का परिवार राजधानी के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में रहता है। मूल रूप से एसएस बिष्ट रानीखेत के पीपली गांव के रहने वाले हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि मेजर चित्रेश की सात मार्च को शादी होने वाली थी। इसके लिए शादी के निमंत्रण पत्र भी बंट चुके थे।