देहरादून- अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दो सितंबर को बेरोजगार दिव्यांग हुंकार रैली निकालेगें। इस दौरान परेड ग्राउंड धरना स्थल से मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान किया गया है। जिसमें प्रदेश भर के दिव्यांग बेरोजगारों और विभिन्न संगठनों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। उत्तराखंड दिव्यांग सशक्तिकरण एसोसिएशन के बैनर तले होने वाली इस हुंकार रैली में दिव्यांग आयोग के गठन और बेरोजगार दिव्यांगों को रोजगार दिलाने की मांग उठाई जाएगी। साथ ही दिव्यांगों के अधिकारों को लेकर भी आंदोलन किया जाएगा। संगठन के अध्यक्ष अमित डोभाल ने कहा है कि प्रदेश सरकार दिव्यांगों को लेकर गंभीर नहीं है। सोई हुई सरकार जगाने के लिए ही हुंकार रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों से समय समय पर दिव्यांग अपनी मांगों को लेकर संषर्घ करते रहे हैं। बावजूद इसके मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा। उन्होंने सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वैसे तो दिव्यांगों को विकलांग से दिव्यांग बना दिया गया है। लेकिन इसके बाद भी कोई मांग पूरी नहीं की जा रही। उन्होंने कहा है कि इस हुंकार रैली में कई सामाजिक संगठन उन्हें सहयोग कर रहे हैं।