देश में महंगाई का दंश झेल रही आम जनता का बढ़ती पेट्रोल डीजल की कीमतों ने और भी बुरा हाल कर रखा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा लगातार जारी है। शनिवार को भी तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 80.38 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 72.51 रुपये प्रति लीटर है। यह पहली बार है कि दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 80 रुपये के पार पहुंची है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल की कीमत 87.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 76.98 रुपये प्रति लीटर है।
क्यों बढ़ रहे हैं तेल के दाम?
विशेषज्ञों की मानें तो देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अभी और इजाफा होगा। तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे रुपये का गिरना एक बड़ा कारण है। चूंकि रुपये में लगातार गिरावट आ रही है, इसकी वजह से तेल कंपनियां भी लगातार कीमतों में बदलाव कर रही है। इसका सबसे बड़ा कारण ये है कि तेल कंपनियों को कीमतों का भुगतान डॉलर में करना पड़ता है, जिसकी वजह से उन्हें अपना मार्जिन पूरा करने के लिए तेल की कीमतों में इजाफा करना पड़ रहा है। वहीं कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ 10 सितंबर को भारत बंद का ऐलान किया है। इसमें कांग्रेस को कई राजनीतिक पार्टियों का समर्थन भी प्राप्त है। हालांकि पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस ने इस भारत बंद को लेकर कांग्रेस को अपना समर्थन देने से इनकार कर दिया है।