देहरादून- उत्तराखंड में आने वाले समय में जल्द ही छोटी दूरी की हवाई यात्रा के रास्ते खुलने जा रहे हैं। पिछले दिनों केंद्र सरकार की ‘उड़ान ‘ के तहत पिथौरागढ़ के बाद अब अल्मोड़ा अगला शहर हो सकता है, जहां से हवाई सेवा की शुरुआत हो सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा से भी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है, इतना ही नहीं वहां के लिए दो हेलीपोर्ट मंजूर भी हो गए है, जिनका जल्द ही निर्माण करवाया जाएगा।
बता दें कि आने वाले समय में अल्मोड़ा से देहरादून और दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू करने की योजना है। दूसरे चरण में अल्मोड़ा, रामनगर और हल्द्वानी से भी हवाई सेवाएं शुरू करने की योजना बना रहा है। यूं तो कुछ समय पहले अल्मोड़ा से थोड़ी दूरी पर स्थित टाटिक में एक हेलीपैड का निर्माण किया गया था, लेकिन कहा जा रहा है कि आने वाले समय मे शुरू होने वाली हवाई सेवा के लिए इस हैलीपैड का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। बल्कि इसके लिए एयरपोर्ट की तर्ज पर हेलीपोर्ट का निर्माण किया जाएगा।



