देहरादून- उत्तराखण्ड राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर आयी केन्द्रीय वित्त आयोग की टीम को सरकार और अधिकारी अपने पक्ष से कितना सहमत कर पाते है और केन्द्र से राज्य को मिलने वाली ग्रांट में कितना इजाफा हो पाता है इसका पता तो बाद में चल सकेगा, लेकिन वित्त मंत्री प्रकाश पंत और अधिकारियों द्वारा वित्त आयोग की टीम के सामने अपना पक्ष पूरी मजबूती से रखे जाने बात जरूर की जा रही है।
बीते कल आयोग की टीम ने राज्य के तमाम राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निकाय प्रतिनिधियों से मिल कर राज्य की आर्थिक दिशा व दशा को जानने का प्रयास किया। वहीं आज सरकार द्वारा वित्त आयोग की टीम के सामने अपनी आय और व्यय के मदों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। इस चर्चा का मुख्य फोकस इस बात पर है कि इस छोटे से पर्वतीय राज्य के पास आय के बहुत ही सीमित संसाधन है। विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए केन्द्र पर उसकी निर्भरता हमेशा बनी रही है। राज्य का अधिंकाश भाग पहाड़, नदियों और जंगलों से आच्छादित है जिसका पर्यावरण में तो असाधारण योगदान है लेकिन इसके कारण उनकी विकास योजना बाधित हो रही है। यही नहीं इसके एवज में राज्य को कुछ अतिरिक्त सहायता भी केन्द्र से नहीं दी जा रही है। जिसका प्रभाव राज्य के विकास पर पड़ रहा है। राज्य की अनेक सड़क, बिजली व रेल परियोजनाएं प्रभावित है। राज्य सरकार को नये राज्य के तौर पर जो वित्त योजना आयोग से जो विशेष पैकेज दिये जाते थे उन पर भी रोक लगाई जा चुकी है। जो राज्य के हित में नहीं है। या तो केन्द्र सरकार द्वारा विकास योजनाओं की बाधाओं को दूर किया जाये या फिर इसके एवज में उसका क्षतिपूर्ति के रूप में धन दिया जाये। वित्त मंत्री प्रकाश पंत का कहना है कि उनका फोकस रैवेन्यू डैफिसिट ग्रांट व ईको सर्विस ग्रांट दिये जाने पर ही रहेगा।
आज अधिकारियों द्वारा विभागीय स्तर पर योजनाओं की स्थिति का ब्यौरा वित्त आयोग की टीम के सामने रखा गया है। वहीं शाम को सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा भी अपने उदबोधन में सभी बातें रखी जानी है। देखना होगा कि सरकार व अधिकारी अपनी बात से वित्त आयोग के चेयरमैन व सदस्यों को कितना प्रभावित कर पाते है।



