भले ही तीन तलाक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक़ को असंवैधानिक ठहरा दिया हो और लोकसभा में बिल भी पारित हो गया है, लेकिन इसके बावजूद तीन तलाक़ के मामले सामने आ रहे है. ताजा मामला देहरादून के डोईवाला का है जंहा पति ने अपनी पत्नी को उसके पिता के ज़रिए तलाक़ का पैगाम भेजा. दरअसल युवती के पति ने उसके पिता को फ़ोन कर बताया कि वह उनकी बेटी को तलाक़ दे रहा है, यह उसे बता दें.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डोइवाला की 24 वर्षीय शाहीना को उसके शौहर ने एकतरफ़ा तीन तलाक दे दिया. युवती के शौहर ने उसे तीन तलाक की सूचना सीधे न देकर पिता के ज़रिए पैगाम भेजकर दी. युवती ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत की तो पति ने फतवा दिखाते हुए तलाक को वैध ठहराने की कोशिश की. अब युवती ने इस मामले को कोर्ट में चुनौती दी है.
खबरों के मुताबिक डोईवाला निवासी शाहीना परवीन का विवाह 3 मई, 2016 को सहारनपुर निवासी मंसूर आलम से हुथा था. शाहीना का कहना है कि उसके ससुराल में दहेज को लेकर उसका कई बार उत्पीड़न किया गया. यहां तक कि दो बार गर्भपात करवाया गया. मई 2017 में जब वह चार महीने की गर्भवती थी तो उसके पति ने उसे घर से निकाल दिया और मायके में छोड़ दिया. 26 अक्टूबर को शाहीना ने जौलीग्रान्ट अस्पताल में बेटी को जन्म दिया. शाहीना का कहना है कि इसके बाद उसका पति जबरन बेटी को अपने साथ ले गया और एक महीने बाद बेटी की मौत की सूचना मिली.
इस हादसे से उबरने के बाद शाहीना ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. अब पूरे घटनाक्रम में नया मोड़ आया है शाहीना के पति ने उसके पिता को फ़ोन पर शाहीना के लिए पैगाम में तीन तलाक़ दे दिया.