हरिद्वार : हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मेला नियंत्रण भवन में मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
कुंभ 2027 की तैयारियों में आई तेजी, दिन-रात होंगे निर्माण कार्य
मंडलायुक्त ने सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंग नहर की क्लोजर अवधि में घाटों का निर्माण तेजी से कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और श्रमिकों, मशीनरी व निर्माण सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
श्रमिकों की त्यौहारों की छुट्टियां कैंसिल
आगामी त्योहारों के दौरान श्रमिकों की कमी न हो, इसके लिए अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए दिन-रात काम कराया जा रहा है और तैयारियों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ मेले से पहले सभी आवश्यक निर्माण कार्य समय पर पूरे कर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।



