
हरिद्वार। सूरत गिरि बंगला के एक संत को 10 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ के मामले में पहले परिजनों ने पीटा और अब पुलिस ने हवालात दिखा दी। मासूम बालिका के पिता ने संत के खिलाफ कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
हमारे संवाददाता के अनुसार गुजरात के सोमनाथ से आए एक श्रद्धालुओं के दल की बालिका के साथ यह घटना हुई। सूरत गिरि के बंगला आश्रम में यह श्रद्धालु ठहरे थे, तभी एक संत आम दिलाने का झांसा देकर बालिका को आश्रम की छत पर ले गया, जहां उससे छेड़छाड़ कर दी। बालिका ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी जिससे स्थिति अप्रिय हो गई और लोगों ने संत की बुरी तरह पिटाई कर दी।
आश्रम में हंगामा होने पर आश्रम के संत एवं कर्मचारी भी एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष ओमकांत भूषण ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम ब्रह्मचारी औचित्यानंद निवासी कैलाश आश्रम लक्ष्मण झूला मार्ग मुनिकीरेती जिला टिहरी गढ़वाल बताया।
एसओ ने बताया कि आरोपी सूरत गिरि बंगला आश्रम में ठहरा हुआ था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है।