टिहरी- उत्तराखंड के टिहरी में फिर एक महिला से छेडछाड का मामला सामने आया है। टिहरी के प्रतापनगर ब्लॉक के लंबगांव बाजार के पास दो युवकों ने स्कूल जा रही शिक्षिका से छेड़छाड़ की जिसके बाद लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ कर खूब धुनाई की। बाद में दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाली एक युवती स्कूल जा रही थी। तभी रास्ते में दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। एक युवक चाकू निकाल कर युवती कों धमकाने लगा। जिसके बाद युवती वहां से लंबगांव की तरफ भागी। स्थानीय लोगों को जब घटना का पता चला तो दोनों युवकों को पकड़ कर बाजार में धुनाई की और उनका जुलूस निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से छुटाया और थाने ले गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों युवक बिजनौर निवासी हैं और लंबगांव के पास ही वेल्डिंग की दुकान में काम करते हैं। बताया गया कि दोनों युवक एक समुदाय विशेष के हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर बाजार में धरना और चक्का जाम कर दिया गया। बाजार में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है।