देहरादून- राजधानी के राजपुर क्षेत्र में आज सुबह एक कालेज गेट के पास छात्रों के दो गुटों के आपस में भिड़ जाने से अफरा तफरी मच गयी। भिड़ंत में दो छात्रों के घायल होने की सूचना भी है, जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार आज सुबह राजपुर रोड स्थित डीआईटी कालेज के बाहर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गये। बताया जा रहा है कि हमलावर छात्र बेसबाल स्टिक व हाकियों से लैस थे। हमले में कई छात्रों के घायल होने की सूचना है। जिनमें से दो को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हमलावर छात्र फरार होने में सफल रहे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाँच शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक हमलें में हमलावर छात्रों की ओर से फायंरिग भी की गयी थी। लेकिन सम्बन्धित थाना पुलिस फायरिंग होने से इन्कार कर रही है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।