बड़ी खबर: उत्तरकाशी में बकरियों को खोजने गए मोरी ब्लाक के ढाटमीर तालुका गांव के तीन लोगों की ग्लेशियर के चपेट में आने से मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग सुरक्षित लौटने में कामयाब रहे हैं।बताते चलें कि बीते सोमवार को मोरी विकासखंड अंतर्गत ढाटमीर तालुका गांव के पांच लोग उच्च हिमालयी क्षेत्र से लगे पुस्टारा बुग्याल में बकरियों को खोजने गए थे। रात को तेज बारिश होने के चलते ग्लेशियर स्खलन होने लगा। इसकी चपेट में आने से जगमोहन (33) पुत्र किताब सिंह, रामध्यान (22) पुत्र बिशन सिंह, कृतम दास (29) पुत्र स्यायबु दास की ग्लेशियर के नीचे दबने से मौत हो गई। ग्रामीण नैन सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी सुरक्षित लौटे रूप सिंह और दूसरे साथी ने दी है। उन्होंने कहा कि शवों को निकालने के लिए मौसम के साफ होने का इंतजार किया जा रहा है। अभी वहां पहुंचना जान जोखिम में डालना है। थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना स्थल को पुलिस टीम भेज दी है, जबकि आपदा प्रबंधन की टीम बुद्धवार सुबह घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है। हादसे की सूचना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।