
देहरादून। एक बार फिर गौ राष्ट्र माता प्रतिष्ठा महा संकल्प रैली का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गौ माता को राष्ट्र माता बनाने के लिए किया जाएगा। इसी संदर्भ में शनिवार को संत गोपाल मणि ने गांधी रोड स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 9 सिंबर को परेड मैदान देहरादून में गौ-राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा महासंकल्प रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में प्रदेशभर के गौभक्त यहां एकत्रित होकर संत गोपालमणि महाराज के नेतृत्व में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाए जाने का महासंकल्प लेंगे। इस महारैली में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, मंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। उत्तराखंड के 45 विधायकोें द्वारा भी गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने का समर्थन पत्र दिया गया है।
पत्रकार वार्ता में गोपाल मणि महाराज ने कहा कि रविवार 9 सितंबर को परेड मैदान में होने वाले गौ भक्तों के इस कार्यक्रम में प्रमुख तौर पाँच बिन्दुओं पर सरकार और जनता से सहयोग मांगा जाएगा। जिसमें कि उत्तराखंड विधानसभा से गौमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक सम्मान संबंधी प्रस्ताव पारित कर केंद्र को प्रेषित किया जाये। किसानों से गोबर क्रय कर उसका उपयोग खाद, रसोई गैस, बायो डीजल, पेट्रोल के विकल्प के रूप में किया जाए। संस्कारवान भारत के लिए 10 वर्ष तक के बालक बालिकाओं को निशुल्क भारतीय नस्ल की गायों का दूध उपलब्ध कराया जाये। गायों के लिए गौ चरान भूमि सुरक्षित की जाये। घरों से निकाली गई गायों के लिए आदर्श गौशालाओं की व्यवस्था की जाये। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा व उनकी सरकारों को 28 फरवरी 2016 को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम मे प्रदेश के सभी सांसदों, केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, तत्कालीन सांसद व वर्तमान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिये समर्थन और संघ प्रमुख भागवत और गृह मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा इस संकल्प को पूरा करने हेतु दो साल का समय निश्चित करने की बात याद दिलाई। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से गौ भक्त 11 बजे से एक बजे तक उपरोक्त मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे, जिसमे मुख्यमंत्री रावत समेत अन्य मंत्रियों व विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है। उसके उपरांत उनकी मांगों पर प्रदेश सरकार से ठोस आश्वासन नहीं मिलने की स्थिति में सरकार का विरोध किया जायेगा। उन्होने जोर देते हुए कहा कि भारतीय गौक्रांति मंच विगत 10 वर्षों से गौमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक सम्मान दिलाने के लिए प्रयासरत है। जिसमें तीन बार दिल्ली व सभी राज्यों कि राजधानियों मे जनजागरण रैलियाँ कर संबन्धित सरकारों को ज्ञाचपन दे चुका है। लिहाजा अब निर्णायक लड़ाई का वक्त आ गया है जिसकी शुरुआत देवभूमि से की जाएगी। पत्रकार वार्ता में मंच के संरक्षक मनोहर लाल जुयाल, बलवीर सिंह पंवार, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष चन्द्र शर्मा, संयोजक अजयपाल पाल सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष शूरबीर सिंह मटूड़ा, महामंत्री यशवंत सिंह रावत, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, प्रवक्ता डॉ. रामभूषण बिजल्वाण, सूरतराम डंगवाल, आंनद सिंह रावत, राकेश सेमवाल, आचार्य विपिन जोशी, मनीष वर्मा, बृजलाल रतूड़ी, तेजराम नौटियाल, विनोद कपरूवान, वसुमति, पंवार, सरला मैठाणी आदि उपस्थित रहे।