गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण परियोजनाओं में मंदिर तक जाने वाले सभी मार्गों की निगरानी ड्रोन के माध्यम से की जा रही है। जिससे निरीक्षकों द्वारा भौतिक सत्यापन की आवश्यकता कम हो गई है। सुशासन के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग पर जोर देते हुए, शाह ने केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के 14 वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने जन धन खातों, आधार, और खरिदने के लिए जेम पोर्टल (गवर्मेंट ई-मार्केट प्लेस) जैसी विभिन्न पहलों में प्रौद्योगिकी का उपयोग किया है।
गृह मंत्री ने कहा कि भू-टैगिंग के माध्यम से और उपग्रहों की छवियों का उपयोग करके हमें पता चल जाता है कि बांध का काम पूरा हुआ है या नहीं, बांध में पानी की स्थिति क्या है और ड्रोन के माध्यम से सिंचाई की भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में काम चल रहा है। सभी मौसम के अनुकूल सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, उन पर ऑनलाइन नजर भी रखी जा रही है। आपको आश्चर्य होगा कि हमें निगरानी के सभी कामों के लिए निरीक्षक को मौके पर भेजने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई यह महत्वाकांक्षी परियोजना चार प्रसिद्ध हिमालयी मंदिरों की वार्षिक तीर्थयात्रा को सुगम बनाएगी।
