देहरादून- उत्तराखंड सरकार ने आज कई आईएएस व पीसीएस अधिकारियों के दायित्व मे बड़ा फेरबदल किया। इसी फेरबदल के तहत कुमांऊ कमिश्नर राजीव रौतेला को मुख्यमंत्री सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आपको बता दे कि कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला कुछ महीने पहले ही उत्तर प्रदेश से अवमुक्त होकर आए हैं। कई जनपदों में जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पदों पर रहकर अपने काम की छाप छोड़ने वाले रौतेला आईएएस अधिकारियों में कर्मठ, प्रखर तथा तेज तर्रार अधिकारी माने जाते हैं जिनके कार्यों की हर जगह सराहना की जाती है। अब उन्हें कुमांऊ कमिश्नर के बाद मुख्यमंत्री के सचिव का दायित्व सौंपा गया है।
उत्तर प्रदेश में शिक्षित-दीक्षित, इलाहाबाद में प्रशासनिक सेवा की तैयारी करने वाले राजीव रौतेला देहरादून से जुड़े हैं। उन्होंने 1982 में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की थी और तभी से पीसीएस में चयनित होकर सेवा में आ गए थे। नवंबर 2000 में उत्तराखंड बनने के बाद राजीव रौतेला को उत्तराखंड आवंटित किया गया था, लेकिन व्यक्तिगत कारणों से यहां नहीं आ सके। वर्ष 2002 में प्रोन्नत होकर आईएएस हो गए। अप्रैल 2017 मे योगी सरकार के गठन के बाद उन्हे गोरखपुर जिलाधिकारी के रूप मे जिले की कमान भी दी गई थी।
