देहरादून- आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेस भवन में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने के मुद्दे पर भाजपा की सरकार अब सूबे की जनता को गुमराह कर रही है। उन्होने कहा कि कांग्रेस ने गैरसैंण में राजधानी बनाने के लिए काम शुरू किया था, लेकिन भाजपा नेता अब गैरसैंण में राजधानी के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे है। कोई गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की बात करता है तो कोई अस्थायी राजधानी बनाने की। उन्होने आरोप लगाया कि कांगे्रस ने गैरसैंण राजधानी के लिए जो अवस्थापना कार्य कराये गये वह पूरी तरह से ठप हो गये है तथा अब विधानसभा सत्र के आयोजन को लेकर भी भाजपा नेता आपस में लड़ झगड़ रहे है। उन्होने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि गैरसैंण राजधानी के मुद्दे पर भाजपा सरकार की मंशा क्या है। साथ ही प्रीतम ने निकाय चुनाव में भाजपा द्वारा व्यापक स्तर पर गड़बड़ी करने तथा शराब व धनबल से चुनाव जीतने का आरोप लगाया। उन्होने कहा कि मतदाता सूचियों में गड़बड़ी से लेकर मतदान तक भाजपा नेताओं ने कई स्तर पर व्यापक धांधली की। उनका कहना है कि कांग्रेस की जिन सीटों पर हार हुई उनमें अनेक ऐसी है जहंा हार का अंतर काफी कम है अगर भाजपाई धांधली नहीं करते तो हार का अंतर और भी कम होता या वह जीत दर्ज करते। उनका कहना है कि सत्ता बल व धनबल से भाजपा जीती है। चुनाव के दौरान चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप भी उन्होने भाजपा पर लगाया।