देहरादून {शैली श्रीवास्तव}- एनएसयूआइ के सैकड़ों छात्रों ने आज मुख्यमंत्री आवास कूच किया। इस दौरान उन्होंने हाथीबड़कला में लगी बेरिकेटिंग तोड़ दी। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को वाटर केनन का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान छात्रों ने पुलिस का जमकर विरोध किया। कांग्रेस भवन से बड़ी तादाद में एनएसयूआइ कार्यकर्ता सीएम आवास कूच के लिए निकले। जैसे ही कार्यकर्ता हाथीबड़कला पर पहुंचे तो पुलिस ने बेरिकेटिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बेरिकेटिंग भी तोड़ दी। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ नोंकझोंक भी हुई। एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि मोदी ने देश के युवाओं से वादा किया था कि बीजेपी सरकार बनने पर प्रति वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन चार साल बाद मोदी कह रहे हैं कि पकोड़े बनाना भी रोजगार है। ऐसा बयान उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं का अपमान है। आपको बता दें कांग्रेस भवन में बड़ी संख्या में ऋषिकेश, डोईवाला, रायपुर, मसूरी आदि कॉलेज से छात्रों का हुजूम उमड़ा।
