ऋषिकेश- ऋषिकेश में तीन माह से वेतन न मिलने से नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर आधे घंटे का कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। देहरादून मार्ग स्थित परिवहन निगम की कार्यशाला के बाहर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड के बैनर तले कर्मचारी एकत्र हुए। कर्मचारियों ने 10.30 बजे से 11.00 बजे तक कार्य बहिष्कार रखा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार व परिवहन निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। संयुक्त परिषद के शाखा अध्यक्ष माधव प्रसाद ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों को तीन माह के वेतन का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि तीन माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारी के समक्ष परेशानी खड़ी हो गई है। बच्चों की फीस व घर का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों का यह भी आरोप था कि निगम प्रबंधन रिटायरमेंट जा रहे कर्मचारियों को भी समय पर उनका भुगतान नहीं कर रहा है। संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय प्रतिनिधि भुवन चंद फुलारा ने कहा कि जब तक कर्मचारियों को तीन माह का वेतन नहीं मिल जाता, तब तक कर्मचारी प्रतिदिन आधे घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। यदि इसके बाद भी भुगतान में हुआ तो कर्मचारी उग्र आंदोलन को विवश होंगे।