रुड़की- रुड़की के क्वांटम ग्लोबल यूनिवर्सिटी के सात कश्मीरी छात्र-छात्राओं पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया गया है। कश्मीरी छात्र-छात्राओं पर इंस्टाग्राम पर देश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने और पाकिस्तान के पक्ष में नारेबाजी करने का आरोप है। पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। उधर, कॉलेज प्रबंधन दो दिन पहले ही सातों छात्र-छात्राओं को निलंबित कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर चुका है। भगवानपुर क्षेत्र स्थित क्वांटम यूनिवर्सिटी में सात कश्मीरी छात्र-छात्राओं पर सोशल मीडिया इंस्ट्राग्राम पर देश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने और पाकिस्तान के पक्ष में नारेबाजी करने के आरोप लगाते हुए काॅलेज के छात्रों ने बवाल किया। साथ ही कॉलेज में तोड़फोड़ करते हुए कश्मीरी छात्रों पर कार्रवाई की मांग की। बवाल को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने सात कश्मीरी छात्र-छात्राओं को निलंबित कर दिया। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि इस मामले में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सातों कश्मीरी छात्र-छात्राओं के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की साइबर सेल गंभीरता से जांच कर रही है।